भाग-क
प्रश्न-1. (I) निम्नलिखित बहुवैकल्पिक प्रश्नों में सही विकल्प को चुनें- 5x1=5
(i) 'महा + ईश' शब्दों में संधि का सही विकल्प चुनकर लिखिए -
(क) महाईश
(ख) महेश
(ग) महिश
(घ) महैश
(ii) 'उपकार को न मानने वाला' अनेक शब्दों के लिए एक सही शब्द चुनें -
(क) कृतज्ञ
(ख) आलोचक
(ग) कृतघ्न
(घ) दूरदर्शी
(iii) 'मित्र' शब्द की भाववाचक संज्ञा का सही विकल्प चुनें -
(क) मित्रता
(ख) मिताई
(ग) मित्रपन
(घ) मैत्री
(iv) 'अग्नि' शब्द का पर्यायवाची सही विकल्प चुनकर लिखिए -
(क) आग
(ख) अनल
(ग) पावक
(घ) उपरोक्त सभी सही हैं
(v) 'अमृत' शब्द का विलोम सही विकल्प चुनकर लिखिए -
(क) विष
(ख) नीर
(ग) सुधा
(घ) जल
(II) निम्नलिखित बहुवैकल्पिक प्रश्नों में सही विकल्प को चुनें- 4x1=4
(i) 'तुलसीदास' जी के अनुसार भगवान राम जी के निर्मल यश का गान करने से कौन-से चार फल प्राप्त होते हैं?
(क) धन, बल, विद्या, यश
(ख) धर्म, अर्थ, काम, मोक्ष
(ग) सुख, शांति, समृद्धि, स्वास्थ्य
(घ) इनमें से कोई नहीं
(ii) 'ममता' कहानी के अनुसार ममता कौन थी?
(क) शेरशाह की पत्नी
(ख) हुमायूँ की बहन
(ग) रोहतास दुर्ग के मंत्री चूड़ामणि की पुत्री
(घ) रोहतास दुर्ग की दासी
(iii) 'नर्स' पाठ के अनुसार महेश कितने साल का था?
(क) पाँच
(ख) छह
(ग) सात
(घ) आठ
(iv) 'देश के दुश्मन' एकांकी में जयदेव की पत्नी कौन थी?
(क) सुमित्रा
(ख) मीना
(ग) नीलम
(घ) बेला
(III) 'अंगूठा दिखाना' मुहावरे का क्या अर्थ है? सही विकल्प चुनें- 1x1=1
(क) साफ मना करना
(ख) चिढ़ाना
(ग) पास बुलाना
(घ) अपमान करना
(IV) निम्नलिखित गद्यांश को पढ़कर अंत में दिए गए प्रश्नों के उत्तर दीजिए - 5x1=5
ममता इस कहानी की प्रमुख पात्र है। सारी कहानी उसी के इर्द-गिर्द घूमती है। वह रोहतास दुर्ग के मंत्री चूड़ामणि की पुत्री है। ब्राह्मण होने के कारण उसके मन में धन के प्रति कोई लालच नहीं है। वह राष्ट्रप्रेम की भावना से ओतप्रोत है। अपने पिता द्वारा ली गई रिश्वत को वह लौटा देने का आग्रह करती है। वह त्याग करना और कष्ट सहना जानती है।
(क) प्रस्तुत गद्यांश किस कहानी से लिया गया है?
(ख) ममता के पिता का क्या नाम था?
(ग) ममता किस भावना से ओतप्रोत थी?
(घ) ममता ने पिता से क्या लौटाने का आग्रह किया?
(ङ) गद्यांश में से 'स्वार्थ' शब्द का विलोम शब्द ढूँढ़कर लिखें।
(V) निर्देशानुसार उत्तर दीजिए - 5x1=5
(i) समरूप भिन्नार्थक शब्द 'सूखी-सुखी' में 'सूखी' का अर्थ है और 'सुखी' का अर्थ है। सही उत्तर से रिक्त स्थान भरें।
(ii) 'जिसका आचरण अच्छा हो' अनेक शब्दों के लिए एक शब्द के निम्नलिखित में से सही शब्द के साथ रेखा खींचकर मिलान कीजिए :-
जिसका आचरण अच्छा हो (क) दुराचारी
(ख) सदाचारी
(ग) अल्पाहारी
(iii) 'आदर' शब्द का विलोम (विपरीत) शब्द ........................... है। सही उत्तर से रिक्त स्थान भरें।
(iv) निम्नलिखित विकल्पों में से 'अंक' शब्द के अनेकार्थी शब्द का सही विकल्प चुनें:
(क) संख्या, नाटक का भाग, गोद
(ख) दिशा, प्रश्न, जीत
(ग) किरण, सारा, बाद का
(v) 'बंदर छत में बैठा है।' इस अशुद्ध वाक्य को शुद्ध करके लिखें।
भाग-ख
प्रश्न-2. निम्नलिखित में से किसी एक पद्यांश की सप्रसंग व्याख्या करें- 4x1=4
बसौ मेरे नैनन में नन्द लाल।
मोहनि मूरति साँवरी सूरति नैना बनै विसाल।
मोर मुकुट मकराकृत कुंडल अरुण तिलक दिये भाल।
अधर सुधारस मुरली राजति उर वैजन्ती माल।
अथवा
हम राज्य लिए मरते हैं।
सच्चा राज्य परन्तु हमारे कृषक ही करते हैं।
जिनके खेतों में है अन्न,
कौन अधिक उनसे संपन्न ?
पत्नी सहित विचरते हैं वे, भव वैभव भरते हैं,
हम राज्य लिए मरते हैं।
प्रश्न-3. निम्नलिखित प्रश्नों के उत्तर एक वाक्य में दें - 6x1=6
(i) श्री गुरु नानक देव जी का जन्म कब और कहाँ हुआ?
(ii) 'सदाचार का तावीज़' पाठ में तावीज़ बनाने का ठेका किसे दिया गया?
(iii) 'दो कलाकार' कहानी में अरुणा की चित्रकार सहेली का क्या नाम था?
(iv) लेखक डॉ. धर्मवीर भारती कौसानी क्यों गए थे?
(v) 'देश के दुश्मन' एकांकी में जयदेव ने अपनी छुट्टी कैंसल क्यों करा दी थी?
(vi) 'सूखी डाली' एकांकी में दादा जी की पोती इंदु ने कहाँ तक शिक्षा प्राप्त की थी?
प्रश्न-4. निम्नलिखित प्रश्नों में से किन्हीं चार प्रश्नों के उत्तर तीन या चार पंक्तियों में दें- 4x2=8
(i) 'अशिक्षित का हृदय' कहानी में मनोहर सिंह ने अपने नीम के पेड़ के लिए ठाकुर से क्या आश्वासन चाहा था?
(ii) 'नर्स' कहानी में सिस्टर सुसान ने महेश को अपने बेटे के बारे में क्या बताया?
(iii) 'सत्संगति' से हमारा जीवन कैसे सफल होता है? (मित्रता पाठ के आधार पर)
(iv) राजेंद्र बाबू की पत्नी को सच्चे अर्थों में 'धरती की पुत्री' क्यों कहा गया है?
(v) बेला ने अपने कमरे से फर्नीचर बाहर क्यों निकाल दिया? (सूखी डाली एकांकी के आधार पर)
(vi) जयदेव को गुप्तचरों से क्या समाचार मिला था? (देश के दुश्मन एकांकी के आधार पर)
प्रश्न-5. निम्नलिखित प्रश्नों में से किन्हीं तीन प्रश्नों के उत्तर छह या सात पंक्तियों में दें- 3x4=12
(i) 'ममता' कहानी के आधार पर ममता का चरित्र-चित्रण करें।
(ii) 'दो कलाकार' कहानी के शीर्षक की सार्थकता स्पष्ट कीजिए।
(iii) 'मैं और मेरा देश' निबंध के आधार पर बताएं कि हम अपने देश के सौंदर्य बोध को किस प्रकार चोट पहुंचाते हैं?
(iv) 'सूखी डाली' एकांकी में दादा जी छोटी बहू के अलावा घर के सभी सदस्यों को बुलाकर क्या समझाते हैं?
(v) जयदेव ने तस्करों को कैसे पकड़ा? स्पष्ट करें।
भाग-ग
प्रश्न-6. निम्नलिखित पंजाबी गद्यांश का हिंदी में अनुवाद करें - 4
ਸਾਨੂੰ ਆਪਣੇ ਬਜ਼ੁਰਗਾਂ ਦਾ ਵੱਧ ਤੋਂ ਵੱਧ ਸਨਮਾਨ ਕਰਨਾ ਚਾਹੀਦਾ ਹੈ ਕਿਉਂਕਿ ਉਹ ਬੁੱਧੀਮਾਨ, ਅਨੁਭਵੀ ਅਤੇ ਘਰ ਦਾ ਸ਼ਿੰਗਾਰ ਹੁੰਦੇ ਹਨ। ਕਈ ਵਾਰ ਲੋਕ ਆਪੋ-ਆਪਣੇ ਕੰਮਾਂ ਵਿੱਚ ਲੱਗੇ ਰਹਿਣ ਕਰਕੇ ਆਪਣੇ ਬਜ਼ੁਰਗਾਂ ਨੂੰ ਘੱਟ ਸਮਾਂ ਦਿੰਦੇ ਹਨ ਜਿਸ ਕਰਕੇ ਉਹਨਾਂ ਦੇ ਜੀਵਨ ਵਿੱਚ ਨਿਰਾਸ਼ਾ ਆ ਜਾਂਦੀ ਹੈ। ਸਾਨੂੰ ਉਹਨਾਂ ਨਾਲ ਬੈਠ ਕੇ ਰੋਟੀ ਖਾਣਾ, ਉਹਨਾਂ ਨੂੰ ਸੈਰ ਸਪਾਟੇ ਲਈ ਨਾਲ ਲੈਕੇ ਜਾਣਾ ਚਾਹੀਦਾ ਹੈ।
भाग-घ
प्रश्न-7. निम्नलिखित में से किसी एक का उत्तर दीजिए- 4x1=4
(i) सरकारी हाई स्कूल, मेरठ में दिनांक 14 जनवरी को 'खेल दिवस' मनाया गया। आप इस स्कूल के मुख्याध्यापक हैं। इस खेल दिवस के आयोजन का वर्णन करते हुए एक प्रतिवेदन (Report) लिखिए।
(ii) आपका नाम विशाल कुमार है। आप सरकारी हाई स्कूल, लुधियाना में पढ़ते हैं। आपके स्कूल में दिनांक 25 मई को रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। अपनी तरफ से एक 'सूचना' (Notice) तैयार करें जिसमें स्कूल के विद्यार्थियों से रक्तदान के लिए आग्रह किया जाये।
भाग-ङ
प्रश्न-8. निम्नलिखित में से किन्हीं तीन मुहावरों/लोकोक्तियों को वाक्यों में इस तरह प्रयोग करें कि उनका अर्थ स्पष्ट हो जाए : 3x1=3
(i) अंगारों पर पैर रखना
(ii) आसमान से गिरा खजूर में अटका
(iii) ऊँट किस करवट बैठता है
(iv) आस्तीन का साँप
भाग-च
प्रश्न-9. निम्नलिखित में से किसी एक का उत्तर दीजिए- 7x1=7
(i) आपका नाम अरविन्द कुमार है। आप मकान नम्बर 125, मयूर विहार, पानीपत के निवासी हैं। सेवा सदन हाई स्कूल, दिल्ली के प्रिंसिपल की ओर से 'डाटा एंट्री ऑपरेटर' के पद का विज्ञापन दिया गया है। आप स्कूल के प्रिंसिपल को 'डाटा एंट्री ऑपरेटर' के पद पर नियुक्ति हेतु आवेदन पत्र लिखिए।
(ii) आप विकास नगर के निवासी हैं। आपके क्षेत्र में बिजली की बहुत कटौती हो रही है। कार्यकारी अधिकारी, विद्युत बोर्ड के नाम बिजली की सप्लाई में कमी के सम्बन्ध में शिकायत/आवेदन पत्र लिखिए।
प्रश्न-10. निम्नलिखित में से किसी एक विषय पर 100 शब्दों में अनुच्छेद लिखिए। 7x1=7
(i) प्रकृति का वरदान : पेड़-पौधे
(ii) अपने नये घर में प्रवेश
(iii) मेरी दिनचर्या
प्रश्न-11. निम्नलिखित में से किसी एक प्रपत्र को अपनी उत्तर पुस्तिका पर निर्देशानुसार उतारकर भरें- 5x1=5
(i) मान लें कि आपका नाम विकास कुमार है। आपका भारत बैंक, शाखा: करनाल में एक बचत खाता है, जिसका नम्बर 45347890 है। आपको अपने इस खाते में दिनांक 14.07.2025 को 2000/- रुपए नकद जमा करवाने हैं। इस अनुसार निम्नलिखित प्रपत्र भरें-
भारत बैंक, शाखा : करनाल
बैंक में रुपये जमा करवाने के लिए प्रपत्र
दिनांक : ..........................
जमा ........ बचत खाता नम्बर ............................................ में जो कि श्री ................................... के नाम से है, में रुपये ................................. (शब्दों में) की राशि जमा करें।
चेक-नकद के द्वारा रु. ........................ (राशि अंकों में)
जमाकर्ता के हस्ताक्षर एवं मोबाइल नं. ........................................
अथवा
(ii) मान लीजिए आपका नाम अमित कुमार है। आपका सुविधा बैंक, शाखा चंडीगढ़ में खाता है। खाता नंबर 42221568 है। आपको दिनांक 02.08.2025 को अपने खाते से 10,000/- रुपये निकलवाने हैं। इस अनुसार निम्नलिखित प्रपत्र को अपनी उत्तर-पुस्तिका पर उतारकर भरें।
सुविधा बैंक, शाखा: चंडीगढ़
बचत बैंक आहरण प्रपत्र
दिनांक : ..........................
खाता नम्बर: _ _ _ _ _ _ _ _
कृपया मुझे/ हमें .............................................................. (राशि शब्दों में) अदा करें।
रु. ................................... (राशि अंकों में) अदा करें।
खाताधारक के हस्ताक्षर : ........................................
मोबाइल नम्बर : ........................................